डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई क्षेत्र अंतर्गत स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान धावाडोंगरी में बड़े स्तर पर अनाज गबन का मामला सामने आया है। सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम ख़ान द्वारा की गई जांच में पाया गया कि दुकान के विक्रेता छत्रपति मरावी ने भारी मात्रा में खाद्यान्न का गबन किया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार विक्रेता द्वारा 222.77 क्विंटल चावल, 56.39 क्विंटल गेहूं, 54 किलो शक्कर तथा 40 किलो मूँग का ग़ैरक़ानूनी तरीके से दुरुपयोग और अफ़रा-तफ़री की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, बजाग के आदेश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम ख़ान ने आज 3 नवंबर 2025 को थाना गाड़ासरई में आरोपी विक्रेता छत्रपति मरावी के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराई है।
वहीं मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध क्रमांक 312/2025 के रूप में पंजीकृत किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि यह कार्यवाही शासन की जनकल्याणकारी खाद्यान्न वितरण योजनाओं में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
