डिंडौरी। नवरात्र पर्व के अवसर पर इस बार डिंडौरी नगरवासी सितारों की चमक में सराबोर होंगे। नगर का उत्कृष्ट खेल मैदान 7 अक्टूबर की रात गूंजेगा संगीत और गरबा की ताल पर, जब मुंबई से पहुंचे फिल्मी सितारे और सिंगिंग सेंसेशन डिंडौरी की धरती पर अपनी प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम के आयोजक मेकला फिल्म्स के प्रोड्यूसर एवं गीतकार रविराज बिलैया ने बताया कि इस बार डिंडौरी को मिलेगा एक यादगार तोहफ़ा। कार्यक्रम में “आश्रम-3”, “गुटरगूँ” और “करतम-भरतम” जैसी चर्चित वेब सीरीज और फिल्मों से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री इशिता त्रिवेदी अपनी अदाओं से महफ़िल सजाएँगी।
संगीत प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेंगी सारेगामा फेम गायिका ऋचा अर्चना, जो अपने सुरीले गीतों और दमदार परफ़ॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतेंगी। वहीं, मंच की रौनक बढ़ाने के लिए मौजूद रहेंगी मॉडल व एंकर हर्षिता, जो अपने स्टाइलिश अंदाज़ से शो में तड़क-भड़क का तड़का लगाएँगी। झिलमिल रोशनी, म्यूज़िक और सितारों के बीच डिंडौरी का यह गरबा नाइट मनोरंजन का अद्भुत संगम बनेगा। नगरवासियों में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है और लोग बेसब्री से इस पल का इंतज़ार कर रहे हैं।




