डिंडौरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत रामपुरी में देशभक्ति के जज्बे और उत्साह के साथ भव्य आयोजन किया गया। सुबह ग्राम पंचायत कार्यालय प्रांगण में सरपंच शांति धूमकैती ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के मधुर स्वर गूंजते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस मौके पर जनपद सदस्य कृष्ण कुमारी बरोटिया, उपसरपंच सेम सिंह परस्ते, सहायक सचिव अखलेश मिश्रा, सभी वार्ड पंच, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ध्वजारोहण समारोह के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए देश की अखंडता, एकता और प्रगति के लिए संकल्प लिया। वहीं, ग्राम के बच्चों और युवाओं ने भी देशभक्ति के गीतों और नारों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया।

इसके उपरांत प्राथमिक शाला रामपुरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच शांति धूमकैती और अध्यक्षता ग्राम के वरिष्ठ नागरिक धनेश्वर मिश्रा ने की। कार्यक्रम के अंत में पंचायत की ओर से पुरस्कार वितरण किया गया। विशेष रूप से कक्षा 5वीं में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभाशाली छात्र को नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अन्य बच्चों को भी उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के अनुसार पुरस्कृत किया गया।

गांव में पूरे दिन उल्लास, भाईचारे और देशभक्ति का वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने इसे स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति का सच्चा पर्व बताते हुए अगली पीढ़ी में देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना जगाने का संकल्प लिया।



