
डिंडौरी। दीपावली के पावन पर्व पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सामाजिक संवेदनशीलता और आत्मीयता की मिसाल पेश करते हुए नगर परिषद डिंडौरी के वार्ड क्रमांक 11 में सफाई कर्मियों के घर पहुंचकर उनके परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सफाई कर्मियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कलेक्टर ने सफाई कर्मियों के बच्चों को मिठाई एवं पटाखे वितरित किए। बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने परिवारजनों से आत्मीय संवाद भी किया और दीपावली के अवसर पर उनके बीच समय बिताकर खुशियों में सहभागिता निभाई।
कलेक्टर की इस पहल से सफाई कर्मियों के परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। यह पहल समाज के महत्वपूर्ण अंग सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व का संदेश देती है। इस अवसर पर एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


