
— घर के नजदीक मिलेगा इलाज और चिकित्सकीय परामर्श, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन से लेकर गंभीर बीमारियों की शुरुआती जांच तक मिलेगी बेहतर सुविधा
भोपाल। मध्यप्रदेश के शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के शहरी स्वास्थ्य संस्थानों यानी संजीवनी क्लीनिकों में 164 नवीन संविदा चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इस निर्णय से शहरी क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और नागरिकों को घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

दरअसल नवीन चिकित्सकों की नियुक्ति से संजीवनी क्लीनिकों में मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अब सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस नियुक्ति का लाभ गर्भवती महिलाओं और गैर-संचारी रोगों से प्रभावित मरीजों को भी मिलेगा। स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग तथा बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान और उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश की इस पहल का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और नागरिकों के अनुकूल बनाना है। चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से संजीवनी क्लीनिकों के माध्यम से आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

