— परम विशिष्ट श्रेणी में उप निरीक्षक रामविलास हुंडा को रिवॉल्वर व प्रमाण पत्र, अति विशिष्ट श्रेणी के 5 पुलिसकर्मियों को 12 बोर गन
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार वर्ष 2025 के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने का आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार परम विशिष्ट, अति विशिष्ट एवं विशिष्ट श्रेणी में पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। परम विशिष्ट श्रेणी में एटीएस इकाई भोपाल में पदस्थ उप निरीक्षक रामविलास हुंडा को चयनित किया गया है। उन्हें एक रिवॉल्वर एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
वहीं अति विशिष्ट श्रेणी में पांच पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है। इनमें थाना जावरा, जिला रतलाम में पदस्थ उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, एसआईडी/बालाघाट में पदस्थ प्रधान आरक्षक अब्दुल खालिद कुरैशी, एटीएस इकाई भोपाल के प्रधान आरक्षक ताराचंद शुक्ला, एटीएस इकाई खंडवा के आरक्षक पंकज सिन्हा तथा पुलिस मुख्यालय भोपाल के आरक्षक अक्षय सिंह शामिल हैं। इन्हें 12 बोर गन एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
विशिष्ट श्रेणी में 25 पुलिसकर्मी
विशिष्ट श्रेणी में चयनित प्रत्येक पुलिसकर्मी को 50 हजार रुपये एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस श्रेणी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसटीएफ भोपाल नवीन कुमार चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा तलैया, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक एसटीएफ भोपाल जगदीश सिंह सिद्धू सहित विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
सूची में बैतूल, देवास, धार, मंदसौर, गुना, कटनी, पन्ना, इंदौर, खंडवा, सागर, उज्जैन, जबलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह पुरस्कार मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग की सहमति के आधार पर प्रदान किया जा रहा है। आदेश पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा द्वारा जारी किया गया है। पुरस्कार चयन पुलिसकर्मियों की सेवाओं एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए निर्धारित नियमों के तहत किया गया है।



