Dindori News : 126 मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी, डिंडौरी में 1.18 करोड़ से अधिक का वितरण…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रदेशभर में 74 हजार से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिया गया। डिंडौरी जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 126 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरित की गई। विद्यार्थियों को लगभग 1 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपये की राशि से स्कूटी का लाभ मिला।

जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पात्र मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। स्कूटी मिलने के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह नजर आया।

पढ़ाई के साथ आवागमन में मिलेगी सुविधा

स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि इससे विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन आसान होने के साथ पढ़ाई के लिए भी अधिक समय मिल सकेगा। विद्यार्थियों ने शासन की इस पहल को अपनी मेहनत के लिए प्रोत्साहन बताया।

जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। विद्यालयों में फर्नीचर के साथ कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का वितरण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने वाली पहल है।

79 हायर सेकेंडरी स्कूलों में सुविधाओं का दावा

शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। जिले में 79 हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में कंप्यूटर, लैब सहित आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की ओर से पहले लैपटॉप के लिए राशि उपलब्ध कराई गई और अब मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए मेहनत करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि स्कूटी मिलने से उनके आवागमन की समस्या कम होगी और उन्हें अपनी शिक्षा एवं भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *