— मांगों और समस्याओं के निराकरण के आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने लिया फैसला
डिंडौरी। जिले में अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर 1 सितंबर से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के साथ हुई बातचीत और समस्याओं के निराकरण के आश्वासन के बाद मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा डिंडौरी ने 9 सितंबर को आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
पटवारी संघ की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि हड़ताल के दौरान पटवारियों की समस्याओं को लेकर 8 सितंबर को कलेक्टर के साथ दो दौर में विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें संघ ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
संघ के अनुसार, चर्चा के दौरान कुछ समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक में यह भरोसा भी दिलाया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किसी कर्मचारी के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई नहीं की जाएगी। किसी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति बनने पर मामले पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा
कलेक्टर के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद पटवारी संघ ने अपनी कलमबंद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। संघ ने प्रशासन की पहल और समस्याओं को समझने के लिए कलेक्टर के प्रति आभार जताया।
हड़ताल समाप्त होने के बाद जिले के पटवारियों के नियमित शासकीय कार्यों पर लौटने का रास्ता साफ हो गया है। इससे राजस्व विभाग से जुड़े आम लोगों के लंबित कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही पटवारी संघ ने प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए आगे शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही है।



