डिंडौरी। जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा प्रशासनिक कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों के कार्य दायित्वों में संशोधन किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के मुताबिक अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन को मनरेगा (बीवीजीआरजीएस) के परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले वे जिला पंचायत डिंडौरी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जनपद पंचायत समनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।
वहीं मनरेगा परियोजना अधिकारी (संविदा) प्रदीप कुमार शुक्ला को परियोजना अधिकारी मनरेगा के समस्त कार्य दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। जिला पंचायत द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की स्वीकृति प्राप्त है। प्रशासनिक दृष्टि से इस बदलाव को जिला पंचायत और मनरेगा कार्यों के बेहतर संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




