— प्रभारी मंत्री की मंजूरी के बाद डिंडौरी में 24 सचिवों का ट्रांसफर, मचा हड़कंप
डिंडौरी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की स्थानांतरण नीति-2026 के तहत जिला पंचायत डिंडौरी ने ग्राम पंचायत सचिवों के बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा 15 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में पदस्थ 24 ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशासकीय आधार पर स्थानांतरण किया गया है। बता दें कि यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशों के अनुरूप प्रभारी मंत्री जिला डिंडौरी की स्वीकृति के बाद की गई है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार जिले की करंजिया, मेंहदवानी, बजाग, समनापुर, अमरपुर, डिंडौरी और शहपुरा जनपद पंचायतों में सचिवों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। प्रशासनिक दृष्टि से इसे पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सबसे अधिक प्रभाव करंजिया, समनापुर और अमरपुर जनपद पंचायत क्षेत्रों में देखने को मिला है। करंजिया जनपद के मोहतरा ग्राम पंचायत में पदस्थ सचिव भुवनेश्वर मरावी को काटीगहन भेजा गया है, जबकि काटीगहन के सचिव कैलाश सिंह को मोहतरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह कबीर ग्राम पंचायत के सचिव सोन सिंह पंद्राम को जुगदेई स्थानांतरित किया गया है और जुगदेई में पदस्थ नीलम धुर्वे को पाटनगढ़ भेजा गया है। बुंदेला के सचिव धर्मेंद्र सिंह धुर्वे को करंजिया जनपद मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
समनापुर जनपद में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। किवटी के सचिव जीवन लाल मरावी को सराई (माडागौर) भेजा गया है। कोकोमटा के सचिव प्रहलाद सिंह ठाकुर को जाडासुरंग और जाडासुरंग के सचिव मनोज कुमार यादव को कोकोमटा स्थानांतरित किया गया है। सुंदरपुर के सचिव नर्मदा प्रसाद बडगैया को समनापुर में ही नई जिम्मेदारी दी गई है।
अमरपुर जनपद में सचिवों की अदला-बदली के तहत अलौनी के सचिव गाखन सिंह धुर्वे को उमरिया, जल्दामुढ़िया के सचिव नंदकुमार गौतम को सक्का और सक्का के सचिव चरण सिंह परस्ते को जल्दामुढ़िया भेजा गया है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन ने कई स्थानों पर पारस्परिक स्थानांतरण के माध्यम से व्यवस्था में संतुलन बनाने का प्रयास किया है।
बजाग जनपद में भलवारा के सचिव गोवर्धन साहू को बिलाईखार और बोदर की सचिव बुधवरिया मरावी को सुनपुरी स्थानांतरित किया गया है। वहीं सारंगपुर के सचिव घनश्याम परस्ते को जनपद पंचायत शहपुरा में पदस्थ किया गया है।
डिंडौरी जनपद में गनवाही के सचिव रविकुमार चक्रवर्ती को पाकरबरधरा, रयपुरा के सचिव जगदीश सिंह धुर्वे को घुसिया, अझवार के सचिव कन्हैयालाल यादव को नई जिम्मेदारी और पलकी के सचिव नारायण बर्मन को धुर्रामाल ग्राम पंचायत भेजा गया है।
शहपुरा जनपद में कछारीमाल के सचिव रोग सिंह बरकड़े को टिकरिया, डोभी के सचिव वीरशाह उलाडी को रखपुरा तथा स्यपुरा के सचिव ओमप्रकाश साहू को डोभी स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा समनापुर जनपद में पदस्थ गेंद सिंह परस्ते और रागर सिंह परस्ते को जनपद पंचायत मेंहदवानी में पदस्थ किया गया है।
जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित सचिवों को दो सप्ताह के भीतर वर्तमान पदस्थापना स्थल से कार्यमुक्त होकर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समयावधि के बाद संबंधित कर्मचारी स्वतः कार्यमुक्त माने जाएंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। साथ ही आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि किसी प्रकार की लिपिकीय त्रुटि होने पर उसका सुधार किया जा सकेगा।

