डिंडौरी। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर गठित टीम ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की और संदिग्ध घी के नमूने लेकर बड़ी कार्रवाई की।
जांच के दौरान टीम ने मेन रोड स्थित भाई किशोर कुमार–मुकेश कुमार, पुरानी डिंडौरी के गुरु नानक किराना, मीना सुपर बाजार और साहू किराना स्टोर सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पुरानी डिंडौरी स्थित साहू किराना स्टोर से डीएफ गोल्ड काउ घी और औषधा ब्रांड घी की कुल 41.7 लीटर मात्रा, जिसकी अनुमानित कीमत 30,405 रुपये है, जब्त की गई।
प्रशासन ने जब्त घी के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, समनापुर क्षेत्र में भी नायब तहसीलदार एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने रोहित किराना स्टोर (मानिकपुर) और संजय किराना स्टोर (समनापुर) सहित तीन दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपलब्धता की जांच की तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, तहसीलदार शशांक शेण्डे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




