— रातभर की तेज बारिश से बढ़ा नर्मदा का जलस्तर, डिंडौरी और जोगीटकरिया पुल पर बढ़ा खतरा, प्रशासन अलर्ट
डिंडौरी। जिले में शनिवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद मां नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। बढ़ते जलस्तर के कारण डिंडौरी स्थित मां नर्मदा पुल तथा जोगीटकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। हालात का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने रविवार को मां नर्मदा पुल पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से नदी के जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के जलस्तर और पुलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए मां नर्मदा नदी, पुलों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से जोखिम न उठाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन एवं पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों को भी सतर्क रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया है। निरीक्षण के दौरान डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
