डिंडौरी। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार, 10 अगस्त 2026 को जिले के नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय (सीबीएसई सहित), नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय एवं अनुदान प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवस का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। सभी शिक्षक एवं अन्य विद्यालयीन कर्मचारी निर्धारित विद्यालयीन समय में अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान बिना आवश्यक कारण घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नदी-नालों, पुल-पुलियाओं तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। प्रशासन ने बताया कि जिले में वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नागरिकों से मौसम संबंधी प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
