Dindori Heavy Rain : डिंडौरी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जोगी टिकरिया पुल डूबा ! जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर आवागमन ठप…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नर्मदा सहित सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगी टिकरिया में नर्मदा नदी पर बना करीब 25 फीट ऊंचा पुल पानी में डूब गया है। इसके चलते डिंडौरी-जबलपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है।

नर्मदा का पानी शहर के हंसनगर और साकेतनगर सहित नदी किनारे के कई इलाकों तक पहुंच गया है। घाट और छोटे मंदिर भी जलमग्न हो गए हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर पालिका ने वार्ड क्रमांक सात में मुनादी कराई और करीब सात घरों को खाली कराया। प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ा दी है।

बिलगांव बांध के दो गेट खोले

 

कैचमेंट क्षेत्र में अधिक बारिश के चलते बिलगांव बांध से अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। शनिवार सुबह बांध के दो गेट खोले गए। जल संसाधन विभाग के प्रभारी इंजीनियर अमित उइके के अनुसार एक गेट को 60 सेंटीमीटर और दूसरे को 50 सेंटीमीटर तक खोला गया है। विभाग के अनुसार दोनों गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार शाम सिलगी नदी के किनारे बसे कई गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई थी।

 

24 घंटे में औसतन चार इंच बारिश

 

जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन करीब चार इंच बारिश दर्ज की गई। एक जून से अब तक डिंडौरी में 69 इंच, अमरपुर में 47, समनापुर में 37, बजाग में 58, करंजिया में 50, शहपुरा में 38 और मेहंदवानी में 29 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

बारिश के चलते स्कूल-आंगनवाड़ी बंद

 

अत्यधिक बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर 26 सितंबर को जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा। आंगनवाड़ी केंद्र भी 26 सितंबर को बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका और अन्य कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे।

 

आज भी बारिश के आसार

 

मौसम विभाग ने शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। रविवार से मौसम में सुधार और धूप निकलने की संभावना बताई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *