— 1 लाख से ज्यादा शिक्षक निष्क्रिय, विभाग ने जारी किया सख्त फरमान
भोपाल। समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंड्री एजुकेशन) के तहत लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत iGoT पोर्टल पर पंजीकृत लोकसेवकों को सक्रिय करने के लिए अहम निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में 2 अप्रैल 2026 को दोपहर 1 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के कुल 2,38,074 लोकसेवक iGoT पोर्टल पर पंजीकृत हैं, जिनमें से केवल 1,30,194 ही सक्रिय (Active) हैं, जबकि 1,07,824 (लगभग 45%) लोकसेवक अब तक निष्क्रिय (Inactive) हैं और उन्होंने पोर्टल पर लॉग-इन कर कोई भी कोर्स नहीं किया है।
विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देशित किया है कि वे निष्क्रिय लोकसेवकों को प्रशिक्षण के माध्यम से कम से कम एक कोर्स में नामांकित कराकर उसे पूर्ण कराएं। साथ ही जिला स्तर पर सभी प्राचार्यों को भी प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में यह भी बताया गया है कि 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक “साधना सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत सभी लोकसेवकों को कम से कम 10 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे। इनमें 5 से 6 कोर्स विभागीय प्राथमिकता के होंगे, जबकि शेष 5 से 6 कोर्स साधना सप्ताह वर्किंग ग्रुप के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे।
उक्त निर्देशों के पालन हेतु 2 अप्रैल को आयोजित VC में सभी DEO, ADPC एवं IT कोऑर्डिनेटर को अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश अपर परियोजना संचालक समग्र शिक्षा, मध्यप्रदेश द्वारा जारी किया गया है तथा इसकी प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है। देखें आदेश..

