डिंडौरी। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना की ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं भारत सरकार की नोडल अधिकारी स्वाति मीणा नायक ने शुक्रवार को जनपद समनापुर के ग्राम दुधेरा का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मीणा ने स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे सब्जी उत्पादन, नल-जल योजना एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने चौपाल में महिलाओं से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और गांव में पैदल भ्रमण करते हुए नल-जल योजना के अंतर्गत प्रदाय किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता का स्वयं चुल्लू से पानी पीकर परीक्षण किया।

पीएचई विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि लगभग 37 लाख रुपये की लागत से 3500 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, 20 हजार लीटर क्षमता की पानी टंकी का निर्माण किया गया है और 51 घरों को नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मीणा ने सुहानिया बाई एवं बबीता के खेतों का दौरा कर जैविक खेती के तहत उगाई जा रही टमाटर, मैथी एवं धनिया की फसलों का निरीक्षण किया। महिलाओं ने बताया कि वे अपनी उपज स्थानीय बाजार में विक्रय कर आय अर्जित कर रही हैं।
चौपाल में शिव-पार्वती समूह की अध्यक्ष भानवती धुर्वे ने समूह की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2006 से समूह द्वारा जैविक खेती, खेत तालाब निर्माण, ग्राफ्टेड बैंगन की खेती एवं मुर्गी पालन जैसे कार्य सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने भी महिलाओं से चर्चा की और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। महिलाओं को संबोधित करते हुए ज्वाइंट सेक्रेटरी मीणा ने कहा कि जिले की महिलाओं में अपार क्षमता एवं उत्साह है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्थानीय उत्पादों के लिए प्रदेश के बाहर बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी।
