डिंडौरी। जिले के ग्राम करौंदी मॉल में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटाकर कानून का सख्त पालन सुनिश्चित किया। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशानुसार संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीश पिता बनावल एवं अन्य द्वारा ग्राम करौंदी मॉल में शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। यह भूमि एनएच-45 सागर टोला से कबीरचबूतरा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के लिए आरक्षित थी। प्रशासन ने पहले ही संबंधित व्यक्तियों को दो बार नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी थी।
25 मार्च 2026 को ग्रामवासियों, राजस्व अधिकारियों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में तीन दिनों का समय भी प्रदान किया गया। इसके बावजूद, निर्धारित समयावधि तक अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर आज 02 अप्रैल 2026 को प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
नायब तहसीलदार करंजिया आशुतोष मिश्र, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के एई एवं ईई एनएच जबलपुर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और कोटवारों की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
