डिंडौरी। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आयोजित “एमपी अजब है” क्विज में विजेता एवं उपविजेता छात्रों के लिए विशेष पर्यटन भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने सरसी आइलैंड और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की मनोरम यात्रा की।
जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के निर्देशन में आयोजित इस क्विज में डिंडौरी जिले के 9वीं से 12वीं कक्षा के 142 हाई स्कूलों की 103 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सी.एम.राइज मॉडल स्कूल डिंडोरी की टीम विजेता बनी, जबकि महाऋषि वैदिक स्कूल गाड़ासरई और राजूषा हायरसेकंडरी स्कूल की टीम उपविजेता घोषित हुई।
क्विज मास्टर अश्विनी साहू ने बताया कि विजेता टीम को दो रात और तीन दिन के लिए सरसी आइलैंड में जलक्रीड़ा, क्रोकोडाइल सफारी, वाटर साइकलिंग और वाटर बाइकिंग जैसी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। वहीं, उपविजेता टीम को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शेर देखने और पर्यटन इतिहास एवं म्यूजियम सैर का अनुभव प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत CEO दिव्यांशु चौधरी और शिक्षा विभाग की डीईओ सुमन तेकाम ने विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही शिक्षा जगत के प्रमुख सदस्य और स्कूल प्राचार्यों ने विजेता एवं उपविजेता छात्रों को शुभकामनाएं दी।
