— उफनती महानदी के पुल पर बस दौड़ाने वाले चालक-कंडक्टर पर केस, बस जब्त
— कलेक्टर-एसपी की अपील को किया नजरअंदाज, यात्रियों की जान जोखिम में डालकर पार कराया पुल; परिवहन विभाग ने बस मालिक को भी थमाया नोटिस
डिंडौरी। जिले में रविवार को हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। इस दौरान शहपुरा-मंडला मार्ग पर बिछिया स्थित महानदी के पुल के ऊपर तेज बहाव के बावजूद यात्री बस को निकालने का मामला सामने आया। यात्रियों की सुरक्षा को दरकिनार कर बस को उफनते पुल से निकालने का वीडियो सामने आने और मामला समाचार माध्यमों में प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
बिछिया पुलिस चौकी में बस चालक संतोष झारिया एवं कंडक्टर आकाश के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 तथा आदेश की अवहेलना के संबंध में धारा 179 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित बस को भी जब्त कर लिया है।
— कलेक्टर-एसपी की अपील के बावजूद उठाया जोखिम
जिले में लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से सतर्कता बरतने तथा जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की थी। इसके बावजूद बस चालक ने सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करते हुए उफनती महानदी के पुल को पार करने का प्रयास किया।

पुल के ऊपर तेज पानी बहने के दौरान बस के गुजरने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की लापरवाही से बस में सवार यात्रियों की जान गंभीर खतरे में पड़ सकती थी।
— परिवहन विभाग ने बस मालिक को भेजा नोटिस
मामले में जिला परिवहन कार्यालय ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन विभाग ने बस मालिक यशवंत चौकसे को नोटिस जारी कर बस से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— बारिश में पुल-पुलियों से दूरी बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और पुल-पुलियों में जलस्तर बढ़ने पर जोखिम लेकर उन्हें पार न करें। वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें और जलभराव वाले मार्गों पर प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
