— बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा—खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की सहायक आय
राजगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें खेती के अलावा अतिरिक्त और स्थायी आय के साधन उपलब्ध कराना है। किसान पूरी मेहनत से खेती करें, इसके लिए अगले कृषि सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की सहायक आय बढ़ाने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में सांची ब्रांड के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
सिंचाई सुविधाओं से बदल रही राजगढ़ की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ को राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। मोहनपुरा-कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और लाभ मिलेगा। सिंचाई क्षेत्र के विस्तार और कृषि क्षेत्र में बढ़ते अवसरों से राजगढ़ की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी। हाईवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी बन रही है।
उन्होंने बताया कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। प्रदेश में करीब 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया गया है। सोयाबीन किसानों को भावांतर की सुविधा दी गई है और किसान सम्मान निधि की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचाई जा रही है।
‘कवच योजना’ से किसानों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कवच योजना’ के माध्यम से किसान दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर पा रहे हैं। इससे किसानों की आर्थिक चिंता कम हुई है और वे बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि जल्द ही बहनों के खातों में जारी की जाएगी। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी मार्गदर्शन एवं उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
80 हजार पदों पर भर्ती, शिक्षकों के 10 हजार पद
मुख्यमंत्री ने रोजगार के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 80 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनमें लगभग 10 हजार शिक्षकों की भर्ती भी शामिल है। अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। सभी जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की गई है और पुलिस बैंड की व्यवस्था भी की जा रही है।
हर शुक्रवार जनता के बीच जाएंगे अधिकारी-कर्मचारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक शुक्रवार को जनता के बीच जाकर समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी लें। शुक्रवार को कोई बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही अथवा काम में उदासीनता बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
तिरंगा यात्राओं में शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित की जा रही तिरंगा यात्राओं में लोगों से सहभागिता की अपील की। उन्होंने ग्राम, वार्ड, जनपद और जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं आयोजित करने के लिए उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और हलधर जयंती सहित आगामी पर्वों की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करने का भी आह्वान किया।
राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
